इंडियन आइडल 12 फेम पवनदीप राजन का भयंकर कार एक्सीडेंट, दोनों हाथ-पैर में फ्रैक्चर

गायक पवनदीप राजन को लेकर एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। इंडियन आइडल 12 के विजेता और मशहूर सिंगर पवनदीप राजन का भयंकर सड़क हादसा हो गया है। जानकारी के मुताबिक, पवनदीप चंपावत (उत्तराखंड) से दिल्ली की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में गजरौला के पास हाईवे पर सीओ कार्यालय के सामने कट पर खड़े एक कैंटर में उनकी कार पीछे से जा भिड़ी।

हादसा इतना भयंकर था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पवनदीप के दोनों हाथ और पैर में फ्रैक्चर हो गया है। हादसे के तुरंत बाद उन्हें गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोशल मीडिया पर अस्पताल से उनकी एक तस्वीर भी वायरल हो रही है, जिसमें पवनदीप अस्पताल के बेड पर बेहद नाजुक हालत में नजर आ रहे हैं।

खबरों की मानें तो यह दुर्घटना कार चला रहे ड्राइवर की आंख लगने के कारण हुई। हादसे के वक्त पवनदीप के साथ उनकी टीम के दो अन्य सदस्य भी कार में मौजूद थे, जिन्हें भी गंभीर चोटें आई हैं।

मौके पर पुलिस तुरंत पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाने के साथ-साथ घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल डॉक्टरों की टीम पवनदीप और अन्य घायलों का इलाज कर रही है। फैंस उनके जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं।

अभी तक पवनदीप के परिवार या टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Jago Pahad Desk

"जागो पहाड" उत्तराखंड वासियों को समाचार के माध्यम से जागरूक करने के लिए चलाई गई एक पहल है।

http://www.jagopahad.com