देहरादून: देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के 100 होनहार छात्रों को सितंबर महीने में गुजरात भ्रमण का सुनहरा अवसर मिलेगा। यह यात्रा भाजपा विधायक विनोद कंडारी की पहल पर ‘भारत दर्शन’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित की जा रही है।
विधायक कंडारी ने शनिवार को मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इस बार ‘भारत दर्शन’ के लिए गुजरात राज्य को चुना गया है। देवप्रयाग क्षेत्र के विभिन्न हाई स्कूलों के 100 टॉपर छात्र-छात्राओं को गुजरात के ऐतिहासिक और शैक्षणिक स्थलों का दौरा कराया जाएगा। इसमें तकनीकी और उच्च शिक्षण संस्थानों का एक्सपोजर विजिट भी शामिल रहेगा।

कंडारी ने बताया कि इस वार्षिक कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभावान छात्रों को देश की विविधता, सांस्कृतिक विरासत और शिक्षा व्यवस्था से परिचित कराना है। उन्होंने यह भी कहा कि इससे छात्रों की समझ और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है, जिससे वे भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर तैयार हो पाते हैं।
यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक प्रेरणा का कार्य कर रही है और छात्रों के लिए एक यादगार अनुभव साबित हो रही है।