अल्मोड़ा पंचायत चुनाव: आरक्षण सूची पर आईं 294 आपत्तियां, 18 जून को जारी होगी अंतिम सूची

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले में पंचायत चुनावों की तैयारियां जोरों पर हैं। भले ही चुनाव की तारीख का औपचारिक ऐलान अभी नहीं हुआ है, लेकिन आरक्षण की अनंतिम सूची जारी होने के बाद जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। नेताजी बनने के इच्छुक प्रत्याशी आरक्षण व्यवस्था को लेकर सक्रिय हो गए हैं और बड़ी संख्या में आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं।

जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, जिले की 1106 ग्राम पंचायतों में आरक्षण सूची को लेकर रविवार देर शाम तक कुल 294 आपत्तियां दर्ज हुईं। इनमें सबसे अधिक 185 आपत्तियां ग्राम प्रधान पद को लेकर सामने आई हैं। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 69, बीडीसी सदस्य के लिए 69, जिला पंचायत सदस्य के लिए 33 और ब्लॉक प्रमुख पद के लिए 7 आपत्तियां प्राप्त हुई हैं।

निर्वाचन आयोग द्वारा इन सभी आपत्तियों की गहन समीक्षा और निस्तारण किया जा रहा है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी आपत्तियों का निपटारा तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष रूप से किया जाएगा। अंतिम आरक्षण सूची 18 जून को प्रकाशित की जाएगी, जिसके बाद चुनावी प्रक्रिया को और गति मिलेगी।

स्थानीय स्तर पर यह चुनाव राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं, और आरक्षण सूची को लेकर उत्पन्न विवाद आगामी दिनों में चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकते हैं।

Jago Pahad Desk

"जागो पहाड" उत्तराखंड वासियों को समाचार के माध्यम से जागरूक करने के लिए चलाई गई एक पहल है।

http://www.jagopahad.com