पंतनगर: विश्वविद्यालय में चल रहे अखिल भारतीय किसान मेला एवं उद्योग प्रदर्शनी में विश्वविद्यालय के विभिन्न केंद्रों के स्टालों से खरीफ की विभिन्न फसलों के बीजों की बिक्री हो रही है। मेले के दूसरे दिन आज दोपहर तक फसल अनुसंधान केन्द्र, प्रजनक बीज उत्पादन केन्द्र, विश्वविद्यालय फार्म तथा एटिक द्वारा लगभग 8 लाख 80 हजार रुपये के विभिन्न खरीफ फसलों के बीजों की बिक्री की गयी। इसके अतिरिक्त औषधीय एवं संगंध पौध अनुसंधान केन्द्र, आदर्श पुष्प वाटिका, सब्जी अनुसंधान केन्द्र, उद्यान अनुसंधान केन्द्र तथा कृषि वानिकी अनुसंधान केन्द्र के स्टालों से लगभग 10 हजार रुपये के बीज व पौधों की बिक्री की गई। साथ ही प्रकाशन निदेशालय तथा एटिक के स्टाल से लगभग 16 हजार रुपये के प्रकाषनों की बिक्री की गई। इनके अतिरिक्त मेले में लगे निजी क्षेत्र के विभिन्न स्टालों द्वारा भी विभिन्न प्रकार के बीजों एवं पौधों की बिक्री की गयी।

मेले के दूसरे दिन दोपहर तक लगभग 2 हजार किसानों ने अपना पंजीकरण कराया। इसके अतिरिक्त लगभग 2 हजार अपंजीकृत किसानों द्वारा भी मेले का भ्रमण किये जाने का अनुमान है। गांधी हाल में किसानों के लिए विशेष व्याख्यान माला के अंतर्गत विश्वविद्यालय के पशु उत्पादन विभाग के वैज्ञानिकों ने पशु उत्पाद एवं उनका व्यवसायीकरण पर विस्तार से जानकारी दी और उपस्थित श्रोताओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। विशेष कार्यक्रम के अंतर्गत कृषकों को विभिन्न अनुसंधान केन्द्रों पर भ्रमण भी कराया गया।




