“मैं उत्तराखंड हूँ” प्रोफेसर मनमोहन सिंह चौहान ने युवाओं को स्वरोजगार और कृषि अवसरों के लिए किया प्रेरित

हल्द्वानी स्थित होटल फॉर्चून में ओहो रेडियो द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम ‘मैं उत्तराखंड हूँ’ गरिमामय और जीवंत वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ कपकोट विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री सुरेश सिंह गढ़िया, गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विष्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मनमोहन सिंह चौहान, कुमाऊँ विष्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर दीवान सिंह रावत, और आर्यभट्ट रिसर्च इंस्टिट्यूट ऑफ़ ऑबज़रवेशनल साइंसेज़ के निदेशक डा. मनीष के नाज़ा द्वारा दीप प्रज्वलन से किया गया, जिसने आयोजन को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की।

प्रथम सत्र में कुलपति प्रोफेसर मनमोहन सिंह चौहान ने युवाओं को उत्तराखंड में कृषि, फ्लोरीकल्चर और संबद्ध क्षेत्रों में उपलब्ध अपार संभावनाओं के बारे में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने आधुनिक तकनीकों के उपयोग, स्थानीय संसाधनों के माध्यम से स्वरोजगार अपनाने और नवाचार आधारित उद्यमिता की ओर कदम बढ़ाने के महत्व पर जोर दिया। उनके अनुसार, युवा यदि इन अवसरों का सही उपयोग करें तो न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे बल्कि प्रदेश की सामाजिक और आर्थिक समृद्धि में भी योगदान मिलेगा।

कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायिका नुपुर पंत ने उत्तराखंड की लोकधुनों के साथ अपने मधुर स्वर प्रस्तुत किए, जिससे उपस्थित श्रोताओं का मन मंत्रमुग्ध हो गया और पूरे आयोजन का वातावरण संगीत की मधुरता से सराबोर हो गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन ओहो रेडियो की संस्थापक आरजे काव्या ने किया, जिनकी प्रभावशाली शैली ने आयोजन को और जीवंत बना दिया। इस अवसर पर उत्तराखंड के अनेक बुद्धिजीवी, उद्यमी, समाजसेवी, रंगकर्मी, कलाकार और युवा उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम की गरिमा को और अधिक समृद्ध किया।

ADVERTISEMENT

Jago Pahad Desk

"जागो पहाड" उत्तराखंड वासियों को समाचार के माध्यम से जागरूक करने के लिए चलाई गई एक पहल है।

http://www.jagopahad.com