उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले से एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना सामने आई है। भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार (UK 13 TA 1991) भीरी से औरिंग की ओर जा रही थी। यह हादसा शाम करीब 4 बजे हुआ, लेकिन दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण इसकी सूचना देर से मिल सकी। सूचना मिलने के बाद रात करीब 10 बजे राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही SDRF का कंट्रोल रूम अलर्ट हो गया। पोस्ट अगस्त्यमुनि से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पंवार के नेतृत्व में SDRF टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घनघोर अंधेरे और कठिन पहाड़ी हालात के बीच टीम ने जोखिम उठाते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
खाई में गिरी कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी थी, जिसे देखकर बचावकर्मी भी स्तब्ध रह गए। कड़ी मशक्कत के बाद देर रात तक एक शव को सड़क तक लाया गया, जबकि अन्य दो शवों को निकालने का कार्य जारी रहा।
मृतकों की पहचान नवीन सिंह (30) निवासी औरिंग, अमित सिंह (35) और अंशुल (28) निवासी सुरसाल के रूप में हुई है। तीनों स्थानीय निवासी थे।
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। प्रशासन और SDRF की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है, साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है।