देहरादून। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” को संसद में कांग्रेस एवं सहयोगी दलों द्वारा पारित न होने देने के विरोध में आगामी 24 अप्रैल को सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित आक्रोश रैली को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में मंडलवार बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक सहसपुर के विधायक सहदेव सिंह पुंडीर की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न मंडलों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य रैली की रूपरेखा तय करना और कार्यक्रम को प्रभावी एवं सफल बनाने के लिए ठोस रणनीति तैयार करना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि किसी भी कार्यक्रम की सफलता संगठन की मजबूती और जनसंपर्क पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी मंडलों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया और रैली को शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से आयोजित करने पर बल दिया।
बैठक में “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही रैली की तैयारियों को लेकर जनसंपर्क अभियान, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां, परिवहन व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। प्रत्येक मंडल को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए अधिक से अधिक लोगों को रैली से जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में सुद्धोवाला मंडल अध्यक्ष सुखदेव फरसवाण, सहसपुर मंडल अध्यक्ष सिद्धार्थ चौधरी, शिवालिक ग्रामीण मंडल अध्यक्ष रवि कश्यप तथा शिवालिक नगर मंडल अध्यक्ष मदन सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने रैली को सफल बनाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में विधायक ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से यह आक्रोश रैली सफलतापूर्वक आयोजित होगी और संगठन की एकजुटता का मजबूत संदेश देगी।