उत्तरकाशी। विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार को अन्नकूट एवं गोवर्धन पर्व के पावन अवसर पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। अभिजीत मुहूर्त में दोपहर 12:05 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ बंद हुए। इसके साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा के तहत गंगोत्री धाम में नियमित पूजा-अर्चना का क्रम संपन्न हो गया।
कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनके शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा (मुखीमठ) के लिए रवाना हुई। इस दौरान देव डोलियों की मौजूदगी, ढोल-दमाऊ की गूंज और सेना के बैंड की मधुर धुनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
मां गंगा की उत्सव डोली पहले दिन करीब 19 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर भैरव मंदिर होते हुए मार्कण्डेय पुरी स्थित देवी मंदिर पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। इसके बाद 11 नवंबर को डोली मुखबा के लिए रवाना होगी। मुखबा पहुंचने के बाद अगले छह महीने तक मां गंगा की पूजा-अर्चना यहीं संपन्न होगी।
गंगोत्री धाम में सुबह से ही कपाट बंद करने की धार्मिक तैयारियां शुरू हो गई थीं। मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान किए गए। निर्धारित मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी परंपराओं का निर्वहन करते हुए मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
अब शीतकाल के दौरान श्रद्धालु उत्तरकाशी के मुखबा गांव में मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पाएंगे।
