17 से 23 नवंबर तक मनेगा पंतनगर विश्वविद्यालय का 67वां स्थापना सप्ताह, होंगे विविध आयोजन

  • विश्वविद्यालय का 67वां स्थापना सप्ताह 17 से 23 नवंबर तक : ‘विरासत को जानें, विरासत को जिएं’

कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप की अध्यक्षता में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों के साथ एक प्रेस वार्ता का आयोजन कुलपति सभागार में किया गया। प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों को जानकारी देते हुए कुलपति ने कहा कि देश का प्रथम कृषि विश्वविद्यालय, गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर 17 से 23 नवंबर 2026 तक अपना 67वां स्थापना सप्ताह मना रहा है। इस वर्ष स्थापना सप्ताह की मूल भावना ‘विरासत को जानें, विरासत को जिएं’ है। 1960 से चली आ रही पंतनगर की गौरवशाली विरासत केवल स्मरण का विषय नहीं, बल्कि उसे फिर से जीने का अवसर है। यह सप्ताह हर सीमा से आगे बढ़ने, बड़ा सोचने, आकाश को छूने और क्षितिज के पार देखने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के नव नियुक्त राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डा. ढाल सिंह बिसेन 17 नवंबर को स्थापना दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय पधारेंगे। उन्होंने 19 अक्टूबर 2026 को पदभार ग्रहण किया था और कुलाधिपति के रूप में यह उनका प्रथम पंतनगर आगमन होगा। कार्यक्रम में माननीय सांसद, नैनीताल-ऊधमसिंह नगर श्री अजय भट्ट कार्यक्रम की शोभा बढाएंगे।

स्थापना सप्ताह में कुल 13 कार्यक्रम आयोजित होंगे। शुरुआत स्थापना दिवस समारोह से होगी, जिसमें विश्वविद्यालय का नाम आगे बढ़ाने वालों को सम्मानित किया जाएगा। ‘पंतनगरः तब और अब’ शीर्षक से पूर्व शिक्षकों के साथ संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम होगा, जिसमें उन गुरुजनों के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा जिन्होंने पीढ़ियों को गढ़ा। अंतर-महाविद्यालयीय वाद-विवाद प्रतियोगिता और साहित्यिक संध्या, जिसमें काव्य पाठ, आशुभाषण और कथा-वाचन होंगे, विद्यार्थियों के विचार और अभिव्यक्ति को मंच देगी। गरबा संध्या, विश्वविद्यालय बैंड शो और अंतर-महाविद्यालयीय सांस्कृतिक संध्या पंतनगर की सांस्कृतिक विविधता का उत्सव होंगी। रन फॉर यूनिवर्सिटी और अश्व प्रदर्शन स्वास्थ्य, अनुशासन और विश्वविद्यालय के प्रति गौरव का संदेश देंगे। दो-दिवसीय पूर्व छात्र सम्मेलन देश-विदेश में बसे पंतनगरवासियों को अपने विश्वविद्यालय से फिर जोड़ेगा। पं. गोविन्द बल्लभ पंत स्मृति व्याख्यान विश्वविद्यालय के नाम से जुड़े महान व्यक्तित्व को श्रद्धांजलि होगा, जिसमें पूर्व कुलपति डा. तेज प्रताप अपने विचार रखेंगे। सप्ताह का समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण के साथ होगा।

इसी सप्ताह विश्वविद्यालय की दो नई इकाइयों का भी शुभारंभ होगा। पहली है ‘द वाइब स्ट्रीट’, जो छात्रावास क्षेत्र के बीच बनी एक हरी-भरी और रोशन गली है। यह पाँच छात्रावासों के विद्यार्थियों के लिए ऐसा स्थान होगी जहाँ पढ़ाई, मेल-जोल और रोजमर्रा की सुविधाएं एक साथ मिलेंगी। दूसरी है ‘पंतनगर स्मृति-चिह्न केंद्र’ (सॉविनियर शॉप), जो विश्वविद्यालय की आधिकारिक स्मृति-चिह्न दुकान होगी। यहाँ विश्वविद्यालय से जुड़ी प्रामाणिक वस्तुएं और उसके अपने फार्मों के उत्पाद एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे, ताकि विद्यार्थी, पूर्व छात्र, किसान और अतिथि पंतनगर की एक याद अपने साथ ले जा सकें। स्थापना सप्ताह विद्यार्थियों, शिक्षकों, पूर्व छात्रों और शुभचिंतकों को एक मंच पर लाने का अवसर है। पंतनगर की विरासत को साथ लेकर विश्वविद्यालय भविष्य के सपनों को साकार करने और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में अपना पूर्ण योगदान देने के लिए संकल्पित है। विश्वविद्यालय परिवार, पूर्व छात्रों, कर्मचारियों एवं प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों को 17 से 23 नवंबर 2026 तक के कार्यक्रमों में आमंत्रित किया गया है।

कार्यक्रम का संचालन निदेशक संचार डा. जे.पी. जायसवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर अपर निदेशक प्रशासन एवं अनुश्रवण डा. अनिल कुमार शर्मा, सहायक निदेशक संचार डा. अर्पिता शर्मा काण्डपाल तथा प्रिट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

    Jago Pahad Desk

    "जागो पहाड" उत्तराखंड वासियों को समाचार के माध्यम से जागरूक करने के लिए चलाई गई एक पहल है।

    http://www.jagopahad.com