यहां विधवा महिला से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, पांच लोगों पर मामला दर्ज

  • खटीमा: विधवा महिला से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, पांच लोगों पर मामला दर्ज

उधमसिंह नगर के खटीमा में एक विधवा महिला के साथ शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने न सिर्फ महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए, बल्कि उससे पैसे भी लिए।

जब महिला ने शादी की बात की तो आरोपी के परिवार ने दहेज की मांग की। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पति की मृत्यु के बाद वह अपने दो छोटे बच्चों के साथ अकेली रहती है। कुछ साल पहले उसकी मुलाकात रोहित सक्सेना नाम के व्यक्ति से हुई, जो उसके घर आने-जाने लगा। रोहित ने शादी का वादा करके उससे नजदीकियां बढ़ाई और शारीरिक संबंध बना लिए।

जब महिला ने शादी के लिए दबाव डाला, तो रोहित ने बहाने बनाए और उससे लाखों रुपये लेता रहा। महिला ने बताया कि जब रोहित के परिवार ने आर्थिक तंगी का हवाला दिया, तो उसने निजी फाइनेंस कंपनी से 1,10,000 रुपये निकालकर दिए। बाद में, रोहित के परिवार ने दहेज में मकान और 50,000 रुपये की मांग की। महिला ने 50,000 रुपये दिए, लेकिन मकान बच्चों का होने की वजह से देने से मना कर दिया। इस पर आरोपी ने महिला के बच्चों के साथ मारपीट की।

11 जुलाई 2024 को रोहित ने चकरपुर स्थित वनखंडी महादेव मंदिर में बिना पंडित के झूठी शादी रचाई और महिला की मांग में सिंदूर भर दिया। लेकिन 17 जुलाई को रोहित और उसके परिवार ने गाली-गलौज कर महिला को घर से निकाल दिया।

पुलिस ने रोहित सक्सेना, राम कुमार, लीलावती, संदीप सक्सेना और मोहित सक्सेना के खिलाफ दुष्कर्म, दहेज अधिनियम और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच महिला उप निरीक्षक रजनी गोस्वामी को सौंपी गई है।

Jago Pahad Desk

"जागो पहाड" उत्तराखंड वासियों को समाचार के माध्यम से जागरूक करने के लिए चलाई गई एक पहल है।

http://www.jagopahad.com

You cannot copy content of this page