देहरादून। में होली मिलन समारोह उत्साह, उमंग और पारंपरिक उल्लास के साथ आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय परिसर रंगों और गुलाल की सुंदर छटा से सराबोर नजर आया, जहां छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली का पर्व प्रेम और भाईचारे के साथ मनाया।
कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और समूह प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। रंगारंग कार्यक्रमों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की।
इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर डॉ. शंकर रामामूर्ति ने सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा जीवन को ज्ञान, संस्कार और सकारात्मकता के रंगों से भरने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी कर अपने व्यक्तित्व का समग्र विकास करने का आह्वान किया।
समारोह के अंत में इंटर-इंस्टीट्यूशनल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली छात्रों को प्रमाणपत्र एवं सम्मान देकर प्रोत्साहित किया गया। कुलपति ने छात्रों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे परिसर में प्रेम, सौहार्द और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
