जिला सैनिक कल्याण अधिकारी 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

हल्द्वानी/बागेश्वर — उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को एक बड़ी सफलता मिली है। सतर्कता अधिष्ठान, हल्द्वानी की टीम ने शुक्रवार को बागेश्वर जिले में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सुबोध शुक्ला (सेवानिवृत्त कर्नल) को 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय परिसर में की गई।

शिकायतकर्ता, जो उपनल के माध्यम से सैनिक कल्याण विभाग में कार्यरत एक सेवानिवृत्त सैनिक हैं, ने अधिष्ठान में शिकायत दर्ज कराई थी कि सेवा विस्तार के बदले उनसे रिश्वत मांगी जा रही है। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर, पुलिस उपाधीक्षक अनिल सिंह मनराल के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया और सुबोध शुक्ला को पकड़ा गया।

टीम ने बेहद गोपनीयता और योजना के तहत ऑपरेशन को अंजाम दिया। जैसे ही अधिकारी ने रिश्वत की रकम ली, सतर्कता टीम ने मौके पर ही गिरफ्तारी कर ली। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

सुबोध शुक्ला मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के निवासी हैं और बागेश्वर कार्यालय परिसर में स्थित गेस्ट हाउस में रह रहे थे। सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरुगेशन ने इस साहसी कार्रवाई के लिए टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है और जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक होकर सतर्कता अधिष्ठान की हेल्पलाइन पर शिकायत करने की अपील की है।

संपर्क हेतु हेल्पलाइन:

  • टोल-फ्री नंबर: 1064
  • व्हाट्सएप: 9456592300
  • वेबसाइट: vigilance.uk.gov.in
Jago Pahad Desk

"जागो पहाड" उत्तराखंड वासियों को समाचार के माध्यम से जागरूक करने के लिए चलाई गई एक पहल है।

http://www.jagopahad.com