गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर ने अनुसंधान के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के पूर्व युवा वैज्ञानिक डॉ. यशपाल सिंह डसीला को टाइफाइड बुखार के खिलाफ विकसित कैल्शियम फॉस्फेट नैनोपार्टिकल्स आधारित सबयूनिट नैनोवैक्सीन पर भारतीय पेटेंट कार्यालय, भारत सरकार से पेटेंट स्वीकृत हुआ है। यह आविष्कार साल्मोनेला टाइफी बैक्टीरिया के विरुद्ध एक नवीन टीके के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
यह पेटेंट डॉ. यशपाल सिंह डसीला द्वारा अपनी पीएच.डी. उपाधि के दौरान किए गए शोध का परिणाम है। उन्होंने यह शोध विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक प्रोफेसर ममतेश कुमार सक्सेना के कुशल मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में पूर्ण किया।
इस सफलता में विश्वविद्यालय के कई प्रमुख एवं विशिष्ट प्राध्यापकों और वैज्ञानिकों का सक्रिय योगदान रहा। इनमे डॉ. अंजनी सक्सेना, डॉ. जी.के. सिंह, डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, डॉ. मीना मृगेश, डॉ. एस.पी. सिंह, डॉ. अवधेश कुमार, डॉ. मंजुल कंडपाल, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. ए.के उपाध्याय, डॉ. अमित कुमार सहित पूरी शोध टीम शामिल रही, जिनके सामूहिक परिश्रम, धैर्य और निष्ठा से यह नवीन टीका पेटेंट के रूप में साकार हो सका।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर कुलपति, गो.ब. पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर, प्रो. शिवेन्द्र कुमार कश्यप, अधिष्ठाता, पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, डॉ. डी. कुमार, निदेशक शोध डॉ. एस.के.वर्मा एवं विश्वविद्यालय परिवार ने डॉ. यशपाल सिंह डसीला, प्रोफेसर एम.के. सक्सेना एवं समस्त टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं एवं इस उपलब्धि को शोध, नवाचार और राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में एक बड़ी सफलता बताया है। उन्होंने कहा कि यह पेटेंट पंतनगर विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है और इससे भविष्य में युवा शोधकर्ताओं को नई प्रेरणा मिलेगी। यह उल्लेखनीय है कि डॉ. डसीला वर्ष 2020 से 2023 तक पंतनगर विश्वविद्यालय में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) द्वारा वित्तपोषित परियोजना में प्रधान अन्वेषक / युवा वैज्ञानिक के रूप में कार्य कर चुके हैं। यह परियोजना प्रोफेसर एम.के. सक्सेना के मार्गदर्शन में संचालित हुई, जिसमें उन्होंने कुक्कुट साल्मोनेलोसिस रोग के लिए ओरल वैक्सीन विकसित की। इस शोध का पेटेंट भी दाखिल होने के उपरांत विचाराधीन है।


