पौड़ी गढ़वाल: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का आकस्मिक निधन हो गया है। उन्होंने पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर स्थित आवास पर आज दोपहर अंतिम सांस ली। सावित्री देवी के निधन की सूचना पर पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके पार्थिव शरीर को पंचूर स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। जानकारी मिलने के बाद से ही स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों का उनके आवास पर पहुंचकर शोक प्रकट करने का सिलसिला शुरू हो गया है।
उम्र अधिक होने के चलते सावित्री देवी को लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याए हो रही थी। गौरतलब है कि 14 मई 2024 को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के चलते उन्हें एम्स ऋषिकेश में भी भर्ती कराया गया था। तब सावित्री देवी जिरियाट्रिक वार्ड में भर्ती थीं। तब योगी आदित्यनाथ मां का हालचाल लेने एम्स ऋषिकेश पहुंचे थे।
मीडिया रिपोटर्स के मुताबिक, दिवंगत सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार, 21 नवंबर को हरिद्वार में किया जाएगा। हालांकि, अभी तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के यमकेश्वर या हरिद्वार पहुंचने के आधिकारिक कार्यक्रम की कोई पुष्टि नहीं हो पाई है। लेकिन उनके पहुंचने की पूरी संभावना जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर शोक प्रकट किया है।
मुख्यमंत्री धामी ने दुख जताते हुए लिखा, “उत्तर प्रदेश के आदरणीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है, उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। बाबा केदार से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा माननीय योगी जी सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”

