पंतनगर विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय स्तर के वैज्ञानिक डा. वाई.एल. नेने का 90वां जन्मदिन समारोह सम्पन्न

पंतनगर। एशियन एग्री-हिस्ट्री फाउंडेशन (एएएचएफ) के फाउंडर व चेयरमैन एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त स्वर्गीय डा. वाई.एल. नेने जी के 90वें वर्षगांठ समारोह के उपलक्ष्य में डा. नेने की कर्मस्थली कृषि महाविद्यालय के सभागार में कार्यवाहक कुलपति एवं कुलसचिव डा. दीपा विनय, निदेशक शोध डा. एस.के. वर्मा, अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय डा. अनिल कुमार शुक्ला, निदेशक प्रसार शिक्षा डा. चन्द्रशेखर तिवारी, एशियन एग्री-हिस्ट्री फाउंडेशन के चेयरमैन डा. एस.पी.एस. बेनीवाल, प्राध्यापक, सस्य विज्ञान विभाग एवं कार्यकारी सचिव, एशियन एग्री-हिस्ट्री फाउंडेशन डा. सुनीता टी. पांडे व अन्य विभागों के संकाय सदस्य तथा विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।

इस उपलक्ष्य में डा. सुनीता टी. पांडे द्वारा सबका स्वागत किया गया। एशियन एग्री-हिस्ट्री फाउंडेशन के चेयरमैन डा. एस.पी.एस. बेनीवाल ने डा. नेने द्वारा कृषि जगत में आम व पादप रोगों के प्रबंधन में खास दी गई सेवाओं पर अपने-अपने विचार रखे। डा. नेने द्वारा भारतवर्ष की कृषि की समृद्ध विरासत को सर्वसाधारण वैज्ञानिकों के मध्य पुनः स्थापित करने हेतु लगभग 22 वर्षों तक किये गये प्रयासों पर गंभीर चर्चाएं हुईं।

कार्यक्रम में एएएचएफ द्वारा वित्तपोषित विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं के द्वारा कॉन्सेप्ट नोट राइटिंग, क्विज तथा पोस्टर बनाने हेतु तीन प्रतियोगिताओं में भाग लिये गये विद्यार्थियों को तथा वैज्ञानिकों जिन्होंने वृक्षायुर्वेद आधारित प्राकृतिक कृषि को आगे बढ़ाने हेतु शोध कार्य किये, को नकद धनराशि एवं प्रमाण पत्र वितरित किये गये। इसके अतिरिक्त उत्तराखण्ड व उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के कृषकों को सम्मानित किया गया। अंत में डा. योगेन्द्र सिंह, प्राध्यापक व विभागाध्यक्ष, पादप रोग विज्ञान विभाग द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव दिया गया।

Jago Pahad Desk

"जागो पहाड" उत्तराखंड वासियों को समाचार के माध्यम से जागरूक करने के लिए चलाई गई एक पहल है।

http://www.jagopahad.com