पंतनगर विश्वविद्यालय पुस्तकालय द्वारा एग्रीकॉन एआई-2026 राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन

पंतनगर। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के विश्वविद्यालय पुस्तकालय द्वारा एसोसिएशन ऑफ एग्रीकल्चरल लाइब्रेरियंस एंड डॉक्यूमेंटलिस्ट्स ऑफ इंडिया (एएएलडीआई) के सहयोग से 26 एवं 27 नवंबर, 2026 को दो-दिवसीय कार्यशाला एवं राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन का विषय ‘नेक्स्ट जनरेशन एग्रीकल्चर लाइब्रेरीः ड्राइविंग एआई इन एजुकेशन, रिसर्च एंड एक्सटेंशन’ है। लगभग 38 वर्षों के अंतराल के बाद आयोजित हो रहे इस सम्मेलन का आयोजन पुस्तकालय के प्रभारी अधिकारी डा. एस.सी. त्रिपाठी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

दिनांक 26 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के उप महानिदेशक डा. यशपाल सिंह मलिक मुख्य अतिथि होंगे, जबकि विश्वविद्यालय के कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देश के प्रतिष्ठित संस्थानों से लगभग 175 पुस्तकालयाध्यक्ष, शिक्षाविद् एवं अन्य विशेषज्ञ प्रतिभाग करेंगे।

सम्मेलन में मुख्य रूप से पुस्तकालयों की शिक्षण सामग्री को स्मार्ट डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म से जोड़ने, एआई चैटबॉट के माध्यम से त्वरित एवं सहज सहायता उपलब्ध कराने, एआई साक्षरता, सिमेंटिक सर्च, स्वचालित मेटाडाटा एवं कैटलॉगिंग, डेटा प्रबंधन तथा जलवायु अनुकूल कृषि जैसे उभरते विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसके अतिरिक्त, इन क्षेत्रों में हो रहे नवीन शोध एवं विकास का विश्लेषण भी किया जाएगा।

सम्मेलन में डा. कवलजीत सिंह अरोड़ा, डा. वैशाली चक्रवर्ती, डा. विनीत कुमार, डा. सुखदेव सिंह, डा. भावेश पटेल, डा. पार्थ सारथी मुखोपाध्याय, डा. नवी हसन एवं डा. नाजिम सहित अन्य विशेषज्ञ मुख्य वक्ता के रूप में नौ विभिन्न सत्रों में अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। कार्यशाला के आयोजन सचिव डा. के.पी. सक्सेना तथा संयुक्त आयोजन सचिव डा. पंकज कुमार, श्रीमती हेमा हल्दुआ, श्रीमती चंदा आर्या एवं डा. सुपर्णा शर्मा हैं।

Jago Pahad Desk

"जागो पहाड" उत्तराखंड वासियों को समाचार के माध्यम से जागरूक करने के लिए चलाई गई एक पहल है।

http://www.jagopahad.com