भाजपा ने एक हफ्ते में बनाया सदस्यता का नया रिकॉर्ड

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने राष्ट्रीय सदस्यता अभियान में एक हफ्ते के भीतर दो करोड़ नए सदस्य जोड़ने का रिकॉर्ड बनाया है। इस बात की जानकारी भाजपा के सदस्यता अभियान के संयोजक विनोद तावड़े ने दी।

मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और महासचिव बीएल संतोष की मौजूदगी में सदस्यता अभियान की समीक्षा की गई। इस बैठक में नौ राज्यों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।

विनोद तावड़े ने बताया कि यह अभियान काफी सफल रहा है और इसे आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न राज्यों में चर्चाएं की जा रही हैं। आने वाले दिनों में अन्य राज्यों के लिए भी ऐसी बैठकें होंगी।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य चुनाव में पार्टी को मिले 75-80 प्रतिशत वोटरों को भाजपा का सदस्य बनाना है। सभी जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र में सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है और उन्हें इसकी नियमित रिपोर्ट देनी होगी।

भाजपा का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों तक पहुंचना और उन क्षेत्रों में भी काम करना है जहां पार्टी को अपेक्षित वोट नहीं मिले थे।

Jago Pahad Desk

"जागो पहाड" उत्तराखंड वासियों को समाचार के माध्यम से जागरूक करने के लिए चलाई गई एक पहल है।

http://www.jagopahad.com