मुख्यमंत्री धामी ने रोड शो के माध्यम से कार्यकर्ताओं में भरा जोश, उत्तराखंड के नगर निकायों में कमल खिलाने का किया दावा

हल्द्वानी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हल्द्वानी नगर निगम के मेयर प्रत्याशी गजराज सिंह बिष्ट के समर्थन में रोड शो का शुभारंभ किया। रोड शो कालाढूंगी रोड से शुरू होकर नैनीताल रोड होते हुए तिकोनिया तक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने फूलों की वर्षा कर मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ भाजपा के अन्य प्रमुख नेता भी उपस्थित रहे, जिनमें मेयर प्रत्याशी गजराज सिंह बिष्ट, निवर्तमान मेयर जोगेंद्र रौतेला, सांसद अजय भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, मोहन सिंह बिष्ट और राम सिंह कैड़ा शामिल थे।

मुख्यमंत्री धामी ने रोड शो के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “आज कार्यकर्ताओं का जोश और उत्साह देखकर यह स्पष्ट है कि 25 जनवरी को हल्द्वानी नगर निगम में कमल खिलने वाला है।” उन्होंने आगामी चुनावों के लिए पार्टी के तीन प्रमुख संकल्पों का भी उल्लेख किया। पहला संकल्प था, प्रदेश की सभी नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों में कमल खिलाना। दूसरा, समान नागरिक संहिता को लागू कर देश में इसे लागू करने की गंगोत्री की शुरुआत करना, और तीसरा, 28 जनवरी को उत्तराखंड में आयोजित राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन करना, जिसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से 23 जनवरी तक अपने जोश को बनाए रखने की अपील की और हल्द्वानी नगर निगम में गजराज सिंह बिष्ट को विजयी बनाने की बात कही। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, राजेंद्र सिंह बिष्ट, चंदन बिष्ट, प्रकाश रावत, सुरेश भट्ट, भुवन जोशी, मोहन पाठक, प्रमोद तोलिया, दिनेश आर्या, रेनू अधिकारी, गणेश पंत, रत्नेश शाह, राहुल झींगरान, हरीश आर्या, वीरेंद्र बिष्ट समेत कई भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENT

Jago Pahad Desk

"जागो पहाड" उत्तराखंड वासियों को समाचार के माध्यम से जागरूक करने के लिए चलाई गई एक पहल है।

http://www.jagopahad.com