- बेरीनाग सीएचसी में एंबुलेंस मौजूद, लेकिन चालक न होने से नहीं मिली सुविधा; रास्ते में 42 वर्षीय व्यापारी ने तोड़ा दम, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल
पिथौरागढ़। उत्तराखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। बेरीनाग में समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण 42 वर्षीय व्यापारी की मौत का मामला सामने आया है। सांस लेने में परेशानी होने पर परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेरीनाग लेकर पहुंचे थे, जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल में एंबुलेंस उपलब्ध होने के बावजूद चालक नहीं होने के कारण मरीज को समय पर इसकी सुविधा नहीं मिल सकी। करीब ढाई घंटे के लंबे इंतजार के बाद एंबुलेंस पहुंची, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, बेरीनाग निवासी व्यापारी हरीश बाफिला को रविवार देर शाम अचानक सांस लेने में दिक्कत होने लगी। परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी बेरीनाग लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अल्मोड़ा हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल परिसर में एंबुलेंस मौजूद थी, लेकिन चालक के उपलब्ध नहीं होने के कारण उसका संचालन नहीं हो सका।
इसके बाद मजबूरी में करीब 30 किलोमीटर दूर गणाई गंगोली से एंबुलेंस बुलानी पड़ी। परिजनों के मुताबिक, करीब ढाई घंटे बाद रात साढ़े नौ बजे एंबुलेंस बेरीनाग पहुंची। इसके बाद व्यापारी को अल्मोड़ा ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से करीब 10 किलोमीटर पहले ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया।
चालक के छुट्टी से नहीं लौटने का मामला
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। मामले में सीएमओ डॉ. जेएस चुफाल ने जांच कराने की बात कही है। उन्होंने बताया कि दीपावली पर छुट्टी पर गए एंबुलेंस चालक के वापस नहीं लौटने के संबंध में एंबुलेंस प्रभारी से जानकारी लेकर पूरे मामले की पड़ताल की जाएगी।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
इस घटना ने पहाड़ी क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों की पोल खोल दी है। सवाल उठ रहा है कि जब अस्पताल में एंबुलेंस उपलब्ध थी तो उसके संचालन के लिए चालक की वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की गई? चालक के छुट्टी पर जाने की स्थिति में दूसरे चालक की तैनाती क्यों नहीं हुई? आखिर आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर एंबुलेंस उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी किसकी है?
व्यापारी की मौत के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग की जांच में किसकी जिम्मेदारी तय होती है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।

