सुबह-सुबह युवक ने कनपटी पर मारी गोली, हरिद्वार में सनसनी

हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक युवक द्वारा खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के फैजाबाद निवासी एक युवती ने चौकी गैस प्लांट, कोतवाली रानीपुर में सूचना दी कि उसके गांव का रहने वाला सुजेश नामक युवक जमालपुर चौक के पास उससे मिला, जिसके पास पिस्टल थी। युवती ने आरोप लगाया कि युवक ने उसके साथ मारपीट की, मोबाइल फोन छीन लिया और जान से मारने की धमकी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध युवक के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस कर उसका पीछा किया। इसी दौरान पता चला कि युवक बहादराबाद क्षेत्र स्थित इंडियन वोटिंग प्लांट के पास खाली मैदान में पहुंच गया, जहां उसने अपनी कनपटी पर पिस्टल सटाकर खुद को गोली मार ली।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और हर पहलू से घटना की पड़ताल की जा रही है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Jago Pahad Desk

"जागो पहाड" उत्तराखंड वासियों को समाचार के माध्यम से जागरूक करने के लिए चलाई गई एक पहल है।

http://www.jagopahad.com