हल्द्वानी में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, ABVP के पूर्व प्रत्याशी समेत चार गिरफ्तार

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी में 17 वर्षीय नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मामले में पुलिस ने एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में एबीवीपी के पूर्व प्रत्याशी धीरज बिष्ट समेत चार युवकों को गिरफ्तार किया है। घटना गुरुवार रात मुखानी क्षेत्र स्थित होटल त्रिशूल की बताई जा रही है।

होटल में डराने-धमकाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने आरोप लगाया है कि चारों युवकों ने उसे डराया-धमकाया और होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की और नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

एबीवीपी के पूर्व प्रत्याशी समेत चार गिरफ्तार

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मामले में धीरज बिष्ट, नीतीश पाल, अंश खत्री और हिमांशु गौनी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

होटल से जुटाए गए साक्ष्य, जांच जारी

एसएसपी के मुताबिक, पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर होटल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नाबालिग से जुड़े इस गंभीर मामले ने क्षेत्र में महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Jago Pahad Desk

"जागो पहाड" उत्तराखंड वासियों को समाचार के माध्यम से जागरूक करने के लिए चलाई गई एक पहल है।

http://www.jagopahad.com