पंतनगर विश्वविद्यालय में बीटेक छात्र ने हॉस्टल में फांसी लगाकर दी जान

पंतनगर। सोमवार सुबह गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के हॉस्टल में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां बीटेक छात्र अक्षत सैनी (रुड़की निवासी) ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना ने पूरे विश्वविद्यालय परिसर को स्तब्ध कर दिया है।

सुबह साथी छात्र जब रोज की तरह नाश्ते के लिए अक्षत को बुलाने पहुंचे तो दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई आवाज नहीं आई। काफी देर तक प्रतिक्रिया न मिलने पर संदेह गहराया और उसके मौसी के बेटे तथा अन्य साथियों ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर अक्षत फंदे पर लटका मिला। यह दृश्य देखकर छात्र दहशत में आ गए और तुरंत प्रशासन को सूचना दी।

सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन, सुरक्षा अधिकारी और वार्डन मौके पर पहुंचे। अक्षत को नीचे उतारकर पुलिस को बुलाया गया। पंतनगर थाना प्रभारी नंदन सिंह रावत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। छात्रों के अनुसार अक्षत पिछले एक वर्ष से अवसाद में था और सोमवार को उसकी परीक्षा भी थी। वह हॉस्टल में अकेले रहता था, जबकि बगल के कमरे में उसका मौसी का बेटा रहता है।

पुलिस ने कमरे की तलाशी लेकर मोबाइल, नोटबुक व अन्य वस्तुओं की जांच की, लेकिन अब तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

अक्षत के माता-पिता, जो गाजियाबाद में नौकरी करते हैं, को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके देर शाम तक पंतनगर पहुंचने की संभावना है। थाना प्रभारी रावत ने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी, हालांकि परीक्षाओं को देखते हुए किसी छात्र पर अनावश्यक दबाव नहीं डाला जाएगा।

ADVERTISEMENT

Jago Pahad Desk

"जागो पहाड" उत्तराखंड वासियों को समाचार के माध्यम से जागरूक करने के लिए चलाई गई एक पहल है।

http://www.jagopahad.com