विश्वविद्यालय के पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, शैक्षणिक डेयरी एवं कुक्कुट फार्म तथा पशुपालन प्रबंधन विभाग की प्रदर्शनी इकाई में कार्यरत सफाई कर्मचारियों हेतु स्वच्छता किट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली द्वारा संचालित ऑल इंडिया नेटवर्क प्रोजेक्ट ऑन वन हेल्थ के अंतर्गत अनुसूचित जाति उप-योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अधिष्ठाता, पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय डा. ए.एच. अहमद ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यस्थल और समाज को सुरक्षित रखने के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता सबसे सशक्त हथियार है। उन्होंने स्वच्छता को रोगों की रोकथाम का प्राथमिक आधार बताया।
परियोजना अन्वेषक डा. अजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य पशु, मानव और पर्यावरण स्वास्थ्य को एक साथ जोड़कर जूनोटिक रोगों (पशुओं से फैलने वाली बीमारियों) की निगरानी और रोकथाम करना है। उन्होंने कहा कि देशभर में 16 इकाईयों के माध्यम से राष्ट्रीय निगरानी प्रणाली को मजबूत किया जा रहा है, जिसमें पंतनगर विष्वविद्यालय एक प्रमुख सहयोगी इकाई है। डा. उपाध्याय ने बताया कि इस पूरे प्रोजेक्ट का समन्वय केंद्र भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई), इज्जतनगर है। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों की ओर से श्री प्रकाश ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद एवं परियोजना से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया तथा इसे सुरक्षा के लिए उपयोगी बताया। कार्यक्रम का समन्वय सह-अन्वेषक डा. राजीव रंजन कुमार और धन्यवाद ज्ञापन सह-अन्वेषक डा. मानसी द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में कुल 60 सफाई कर्मचारियों को स्वच्छता किट वितरित की गयी। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

विश्वविद्यालय में गुरु रविदास जयंती श्रद्धा व उत्साह से मनाई गई
विश्वविद्यालय के सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय की एनएसएस इकाई द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती, जो प्रतिवर्ष 1 फरवरी को मनाई जाती है। कार्यक्रम का उद्देश्य गुरु रविदास जी के समता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना था। कार्यक्रम की शुरुआत गुरु रविदास जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं प्रार्थना के साथ हुई। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने उनके जीवन और शिक्षाओं को याद करते हुए समता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के संदेश पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्टर निर्माण, निबंध लेखन, भाषण एवं कविता पाठ जैसी विभिन्न रचनात्मक और साहित्यिक गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने गुरु रविदास जी के जीवन, दर्शन और सामाजिक सुधार में उनके योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर अधिष्ठात्री, सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय डा. अल्का गोयल ने विद्यार्थियों को गुरु रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने तथा समानता, करुणा और समाज सेवा के मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डा. संध्या रानी के संबोधन के साथ हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं आज भी समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं।

