बारिश में टूटी सड़कें, मंत्री कैड़ा का सख्त फरमान आपदा से क्षतिग्रस्त मोटर मार्ग जल्द दुरुस्त करें अधिकारी

भीमताल। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को विधानसभा क्षेत्र के सुड़ी, बेलगड़, मटियाल, लेटीबुगा, सुनकिया, सदबुगा समेत विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

ग्रामीणों ने मंत्री को बताया कि आपदा के कारण क्षेत्र में कई PWD और PMGSY मोटर मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके अलावा सिंचाई नहरें, पेयजल लाइनें और ग्रामीण क्षेत्रों के आंतरिक मार्ग भी क्षतिग्रस्त होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग, PMGSY, पेयजल, सिंचाई और जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों, पेयजल लाइनों, सिंचाई नहरों और ग्रामीण आंतरिक मार्गों का आपदा मद से प्राथमिकता के आधार पर पुनर्निर्माण और मरम्मत कराया जाए।

उन्होंने कहा कि जिन कार्यों का जल्द पूरा होना जरूरी है, उन्हें चिन्हित कर तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन, पेयजल और सिंचाई से जुड़ी समस्याओं से राहत मिल सके।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि ग्रामीणों की हर समस्या का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है। आपदा से प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक कार्यों को तेजी से पूरा कराने के लिए लगातार अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

ADVERTISEMENT

Jago Pahad Desk

"जागो पहाड" उत्तराखंड वासियों को समाचार के माध्यम से जागरूक करने के लिए चलाई गई एक पहल है।

http://www.jagopahad.com