गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के 67वें स्थापना सप्ताह के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर में अंतर-महाविद्यालयीय बैंड प्रतियोगिता ‘यूनिवर्सिटी बैंड शो’ का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों की 11 टीमों ने प्रतिभाग कर अपनी संगीत प्रतिभा, रचनात्मकता एवं टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न संगीत शैलियों पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे परिसर को संगीत एवं उत्साह से सराबोर कर दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एस.के. कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. विपिन चंद्र ध्यानी, प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आर.पी.एस. गंगवार, निदेशक संचार डॉ. जे.पी. जायसवाल, निर्णायक मंडल के सदस्य डॉ. ए.के. घोष एवं डॉ. रीतिका भट्ट, डॉ. नीरज बिष्ट, समन्वयक बैंड शो डॉ. धीरज कुमार, स्टाफ काउंसलर, टेक्नोलॉजी सोसाइटी एवं डॉ. सोनिका चौहान, को-स्टाफ काउंसलर, टेक्नोलॉजी सोसाइटी सहित विभिन्न महाविद्यालयों के अधिष्ठाता, प्राध्यापक, विश्वविद्यालय के अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।इस अवसर पर कुलपति डॉ. एस.के. कश्यप ने अपने संबोधन में प्रतिभागी विद्यार्थियों की संगीत प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को भी विशेष महत्व दिया जाता है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा उनमें टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं।
उन्होंने सभी प्रतिभागी टीमों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आर.पी.एस. गंगवार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, प्रतिभा प्रदर्शन एवं आपसी सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. विपिन चंद्र ध्यानी ने अपने संबोधन में कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन करता है। इंटर-कॉलेज बैंड प्रतियोगिता विद्यार्थियों को अपनी संगीत प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच आपसी समन्वय, सहयोग एवं सौहार्द बढ़ाने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली सभी 11 टीमों के प्रयासों की सराहना की तथा आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों को बधाई दी।
प्रतियोगिता में प्रतिभागी टीमों को लोक संगीत, शास्त्रीय एवं अर्धशास्त्रीय संगीत तथा रॉक फ्यूजन जैसी विभिन्न संगीत शैलियों पर आधारित प्रस्तुतियां देने का अवसर मिला। सभी 11 बैंडों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से संगीत के प्रति समर्पण, रचनात्मकता एवं उत्कृष्ट टीमवर्क का परिचय दिया।प्रतियोगिता की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन निर्णायक मंडल द्वारा संगीत की गुणवत्ता, निर्धारित थीम के अनुरूप प्रस्तुति, मंच पर उपस्थिति, रचनात्मकता तथा समग्र प्रभाव जैसे विभिन्न मानकों के आधार पर किया गया।इसके उपरांत प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए तथा कुलपति द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. नीरज बिष्ट ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि, निर्णायक मंडल, सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, आयोजन समिति एवं सहयोगी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। विश्वविद्यालय का यह आयोजन स्थापना सप्ताह की उत्सवपूर्ण भावना को संगीत, प्रतिभा, एकता एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से साकार करने वाला यादगार कार्यक्रम रहा। इस प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी कला एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ-साथ विभिन्न महाविद्यालयों के बीच सांस्कृतिक समन्वय एवं सौहार्द को भी बढ़ावा दिया।

