मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण की अवैध निर्माणों पर बड़ी कार्रवाई, कई भवन सील व ध्वस्त

देहरादून विकास प्राधिकरण (DDA) ने अपने अधीन क्षेत्र में अवैध निर्माण व प्लाॅटिंग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए विकासनगर, सहस्त्रधारा रोड, मालसी और मेहुवाला माफी क्षेत्रों में अनेक अवैध ढांचों को सील व ध्वस्त किया।

अधिकारियों के अनुसार, आईटी पार्क सहस्त्रधारा रोड में शैलेंद्र नेगी द्वारा टिन शेड डालकर किए गए अवैध निर्माण को सील किया गया। इसी क्षेत्र में चेतन छाबड़ा द्वारा बनाए गए चार मंजिला अवैध भवन को भी शीलिंग की कार्यवाही में बंद किया गया।

वहीं, आशीष गुप्ता और कुनाल द्वारा सप्लाई रोड, निकट ओरिना, मालसी में निर्मित बहुमंजिला अवैध भवन को भी सील किया गया। इस अभियान में सहायक अभियंता शैलेंद्र सिंह रावत, अवर अभियंता विदिता कुमारी व गौरव तोमर, सुपरवाइजर लीला धर जोशी और पुलिस बल मौजूद रहे।

इसके अतिरिक्त, विकासनगर स्थित लैमन रोड, एटनबाग में ऋषिराज शर्मा द्वारा अनुराग डेयरी के निकट बनाए गए अवैध दुकानों व भवन को भी सील कर दिया गया। इस कार्रवाई में सहायक अभिषेक भारद्वाज, अवर अभियंता अमन पाल, सुपरवाइजर प्यारे लाल जोशी व पुलिस बल ने भाग लिया।

एक अन्य बड़ी कार्रवाई में, मेहुवाला माफी के दुर्गा विहार कॉलोनी के पास सुरेश कुमार व अन्य लोगों द्वारा करीब 12 से 13 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लाॅटिंग को ध्वस्त कर दिया गया। यहां सहायक विजय सिंह रावत, अवर अभियंता जितेंद्र सिंह और सुपरवाइजर राकेश ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Jago Pahad Desk

"जागो पहाड" उत्तराखंड वासियों को समाचार के माध्यम से जागरूक करने के लिए चलाई गई एक पहल है।

http://www.jagopahad.com