- पंतनगर विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सम्मेलन ‘एग्रीकॉनएआई-2026’ का समापनकृषि पुस्तकालयों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के समावेश के लिए तैयार होगा संस्थागत रोडमैप, 32 शोध पत्र प्रस्तुत
गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में कृषि पुस्तकालयों एवं उपयोगकर्ता समुदाय पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन एवं कार्यशाला ‘एग्रीकॉनएआई-2026’ का समापन हुआ। ‘नेक्स्ट-जेन एग्रीकल्चरल लाइब्रेरीज़ः ड्राइविंग एआई इन एजुकेशन, रिसर्च एंड एक्सटेंशन’ विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में कृषि पुस्तकालयों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के उपयोग, डिजिटल सूचना सेवाओं के विस्तार तथा शिक्षा, अनुसंधान एवं प्रसार गतिविधियों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।
सम्मेलन का आयोजन विश्वविद्यालय के पुस्तकालय एवं कृषि व्यवसाय प्रबंधन महाविद्यालय, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के कृषि शिक्षा प्रभाग तथा एसोसिएशन ऑफ एग्रीकल्चरल लाइब्रेरियन्स एंड डॉक्यूमेंटलिस्ट्स ऑफ इंडिया (एएएलडीआई) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
समापन सत्र में सम्मेलन के रैपोर्टियर जनरल डॉ. एन.पी. रवि कुमार ने दो-दिवसीय आयोजन की रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने विभिन्न तकनीकी सत्रों, विशेषज्ञ व्याख्यानों एवं परिचर्चाओं से प्राप्त निष्कर्षों तथा सम्मेलन की प्रमुख अनुशंसाओं से अवगत कराया। इस अवसर पर सम्मेलन निदेशक एवं आईआईटी दिल्ली के प्रमुख पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. नबी हसन सहित अन्य विशेषज्ञ एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि सम्मेलन का शुभारंभ 26 नवंबर को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के उप महानिदेशक (कृषि शिक्षा) डॉ. यशपाल एस. मलिक के मुख्य आतिथ्य तथा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. शिवेंद्र कुमार कश्यप की अध्यक्षता में हुआ था। उद्घाटन सत्र में एएएलडीआई के अध्यक्ष श्री बी.पी. सिंह, विश्वविद्यालय पुस्तकालय के प्रभारी अधिकारी डॉ. एस.सी. त्रिपाठी तथा आयोजन सचिव डॉ. के.पी. सक्सेना उपस्थित रहे।
दो दिनों तक चले सम्मेलन में आईआईटी दिल्ली, आईआईएम अहमदाबाद, डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र तथा विभिन्न कृषि एवं केंद्रीय विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञों ने व्याख्यान, व्यावहारिक प्रशिक्षण, तकनीकी प्रदर्शन एवं पैनल परिचर्चाओं के माध्यम से अपने अनुभव साझा किए। चर्चा के प्रमुख विषयों में रिट्रीवल ऑगमेंटेड जनरेशन आधारित चैटबॉट, किसानों के लिए बहुभाषी एवं वॉयस आधारित एआई सेवाएं, कोहा सॉफ्टवेयर में एआई आधारित सूचीकरण, प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग तथा जनरेटिव एआई के उपयोग में शोध की नैतिकता शामिल रहे। सम्मेलन के पांच तकनीकी सत्रों में कुल 32 शोध पत्र प्रस्तुत किए गए। इनमें स्मार्ट पुस्तकालय, बिब्लियोमेट्रिक्स, डिजिटल संरक्षण, ओपन एक्सेस, वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन तथा शोध की विश्वसनीयता जैसे विषयों पर शोध निष्कर्ष साझा किए गए।
समापन सत्र में कृषि पुस्तकालयों में एआई के प्रभावी एवं जिम्मेदार उपयोग के लिए कई महत्वपूर्ण अनुशंसाएं स्वीकार की गईं। इनमें कृषि विश्वविद्यालयों एवं आईसीएआर संस्थानों में एआई एकीकरण के लिए संस्थागत कार्ययोजना तैयार करना, पुस्तकालयाध्यक्षों, वैज्ञानिकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए नियमित एआई प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करना तथा संस्थागत डिजिटल रिपॉजिटरी एवं अनुसंधान डेटा प्रबंधन प्रणाली को सुदृढ़ करना प्रमुख हैं। इसके साथ ही किसानों तक कृषि संबंधी जानकारी की पहुंच बढ़ाने के लिए बहुभाषी एवं वॉयस आधारित सूचना सेवाओं के विस्तार तथा ओएनओएस के माध्यम से शोध सामग्री तक समान पहुंच सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। जनरेटिव एआई के उपयोग में अकादमिक नैतिकता, डेटा गोपनीयता एवं मानवीय निगरानी बनाए रखने तथा पुस्तकालय सेवाओं को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, डिजिटल इंडिया और विकसित भारत-2047 के लक्ष्यों के अनुरूप विकसित करने की भी अनुशंसा की गई।
सम्मेलन के समापन अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। विश्वविद्यालय के पूर्व पुस्तकालयाध्यक्ष डा. रमा तीर्थ सहित पुस्तकालय क्षेत्र के अन्य वरिष्ठ एवं अनुभवी पेशेवरों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

