संध्या डालाकोटी की कांग्रेस में वापसी, लालकुआं की सियासत में बढ़ी हलचल

2027 विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने फिर थामा कांग्रेस का हाथ, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने दिलाई पार्टी की सदस्यता

देहरादून। लालकुआं विधानसभा क्षेत्र की वरिष्ठ महिला नेत्री एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी ने एक बार फिर कांग्रेस में वापसी कर ली है। देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।

संध्या डालाकोटी की कांग्रेस में वापसी को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के मद्देनजर लालकुआं की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। उनकी वापसी के बाद क्षेत्र में कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

संध्या डालाकोटी लंबे समय से लालकुआं क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय रही हैं। पूर्व ब्लॉक प्रमुख के रूप में उनके राजनीतिक अनुभव और क्षेत्र में उनकी सक्रियता को देखते हुए उनकी घर वापसी को स्थानीय कांग्रेस संगठन से जोड़कर देखा जा रहा है।

विधानसभा चुनाव से पहले संध्या डालाकोटी की कांग्रेस में वापसी से लालकुआं में पार्टी की आगामी रणनीति और चुनावी तैयारियों को लेकर राजनीतिक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। अब देखना होगा कि आने वाले समय में उनकी पार्टी में क्या भूमिका रहती है।

Jago Pahad Desk

"जागो पहाड" उत्तराखंड वासियों को समाचार के माध्यम से जागरूक करने के लिए चलाई गई एक पहल है।

http://www.jagopahad.com