प्रधानमंत्री जी की पहल को मिलेगा युवा नेतृत्व का स्वर, भारत सरकार ने देहरादून के आयुष ध्यानी को बनाया यूथ आइकन

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के छात्र एवं डीएवी (पीजी) कॉलेज, देहरादून के विद्यार्थी आयुष ध्यानी का चयन भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (Ministry of Youth Affairs & Sports) द्वारा MY Bharat के सहयोग से आयोजित “विकसित भारत युवा कनेक्ट 2026” कार्यक्रम के लिए यूथ आइकन के रूप में किया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत @2047” के विज़न को साकार करने के उद्देश्य से संचालित इस राष्ट्रीय अभियान के लिए देशभर से केवल 150 युवाओं का चयन किया गया है। चयनित युवा मंत्रालय का प्रतिनिधित्व करते हुए विभिन्न राज्यों में जागरूकता कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे।

इसी क्रम में डीएवी (पीजी) कॉलेज, देहरादून के छात्र आयुष ध्यानी 5 अगस्त को होशियारपुर (पंजाब) में आयोजित कार्यक्रम में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के प्रतिनिधि, यूथ आइकन, मुख्य अतिथि एवं प्रेजेंटर के रूप में सहभागिता करेंगे। इस दौरान वे “नशा मुक्त भारत” विषय पर प्रस्तुति देकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों और इससे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करेंगे।

आयुष ध्यानी ने इस अवसर पर भारत सरकार, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा MY Bharat का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए केवल सम्मान नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।

Jago Pahad Desk

"जागो पहाड" उत्तराखंड वासियों को समाचार के माध्यम से जागरूक करने के लिए चलाई गई एक पहल है।

http://www.jagopahad.com