- रिमांड पर भेजा गया पाकिस्तानी जासूस सुमित कुमार, जयपुर में जज के सामने 2023 से चल रही साजिशों के चौंकाने वाले खुलासे
राजस्थान की राजधानी जयपुर के सीजेएम कोर्ट (महानगर प्रथम) में हाल ही पकड़े गए पाकिस्तानी जासूस को आज कोर्ट में पेश किया गया है। कोर्ट ने आरोपी सुमित कुमार की राजस्थान इंटेलीजेंस को 2 अप्रैल तक रिमांड पर दे दी है।
जयपुर: भारत की सुरक्षा में सेंध लगाने के मामले में पकड़े गए आरोपी सुमित कुमार को सोमवार को जयपुर की सीजेएम कोर्ट (महानगर प्रथम) में पेश किया गया। भारतीय वायुसेना की गोपनीय सूचनाएं पाकिस्तान को साझा करने के आरोपी सुमित कुमार के गुनाह इस दौरान अदालत के सामने रखे गए। न्यायाधीश प्रियशंकर सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को 2 अप्रैल तक रिमांड पर भेज दिया है। अब राजस्थान इंटेलिजेंस रिमांड के दौरान आरोपी से लगातार पूछताछ करेगी, जिसमें कई बड़े खुलासे होंगे।
पाकिस्तान जासूस को कोर्ट ने भेजा रिमांड पर
जानिए कैसे सुरक्षा एजेंसियों के हत्थे चढ़ा सुमित कुमार
बता दें कि सुमित कुमार की गिरफ्तारी के पीछे पिछले दिनों हुए खुलासे हैं। इस पूरे जासूसी नेटवर्क की कड़ियां जनवरी 2026 में जैसलमेर से गिरफ्तार हुए झबराराम से जुड़ी हैं। दरअसल, इस मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने पहले झबराराम नाम के शख्स को गिरफ्तार किया था। झबराराम से पूछताछ के दौरान सुमित कुमार का नाम सामने आया, जिसके बाद खुफिया एजेंसियां उस पर नजर रख रही थीं। उल्लेखनीय है कि कोर्ट में राजस्थान इंटेलिजेंस की ओर से एडवोकेट सुदेश सत्तावन ने पैरवी करते हुए सुमित कुमार 12 दिन की रिमांड मांगी थी, ताकि नेटवर्क के अन्य सदस्यों और साझा की गई जानकारियों की गहराई से जांच की जा सके। कोर्ट ने 2 अप्रैल तक की रिमांड मंजूर कर ली है। फिलहाल, केंद्रीय पूछताछ केंद्र में विभिन्न एजेंसियां आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही हैं ताकि देश की सुरक्षा में लगी इस सेंध के पूरे जाल का पर्दाफाश किया जा सके।
यहां पढ़ें एक नजर में सुमित कुमार के बारे में
सुमित कुमार, जो असम के डिब्रूगढ़ स्थित चबुआ एयरफोर्स स्टेशन में मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) के पद पर तैनात था।
गिरफ्तारी: राजस्थान इंटेलिजेंस और एयरफोर्स इंटेलिजेंस (नई दिल्ली) की संयुक्त टीम ने उसे चबुआ से हिरासत में लिया था।
आरोप: सुमित अपने पद का दुरुपयोग कर वायुसेना से जुड़ी संवेदनशील और सामरिक जानकारी सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेज रहा था।
बैकग्राउंड: 36 साल का सुमित कुमार, प्रयागराज की गलियों से निकलकर वायुसेना में शामिल हुआ था।