देहरादून में बनेगा वर्ल्ड क्लास ‘राष्ट्रपति आशियाना’ पार्क, राष्ट्रपति करेंगी शिलान्यास

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में जल्द ही ‘राष्ट्रपति आशियाना एवं उपवन वाटिका’ नाम से 132 एकड़ क्षेत्र में एक वर्ल्ड क्लास पब्लिक पार्क बनने जा रहा है। राष्ट्रपति सचिवालय ने जिलाधिकारी सविन बंसल के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। इस ऐतिहासिक परियोजना का शिलान्यास 20 जून 2025 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा किया जाएगा, जिसके लिए कार्यक्रम प्रस्तावित है।

पार्क को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय रूप

देहरादून के राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति आशियाना परिसर को लंदन के हाईड पार्क की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। यह पार्क हरियाली, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक प्रमुख केंद्र होगा, जिसमें सड़क, बिजली, पानी, यातायात, पार्किंग, संचार, सुरक्षा जैसी विश्व स्तरीय सुविधाएं होंगी।

डीएम के प्रयास से मिली स्वीकृति

मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जिलाधिकारी सविन बंसल ने राष्ट्रपति सचिवालय से इस परियोजना को स्वीकृत करवाने के लिए लगातार प्रयास किए। उन्होंने राष्ट्रपति सचिव से मुलाकात कर आग्रह किया और जनवरी 2025 में पार्क के डिजाइन का प्रस्ताव भेजा, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।

जनता भी दे सकती है सुझाव

पार्क का निर्माण देहरादून की जनता की अपेक्षाओं के अनुसार किया जाएगा। इसके लिए राष्ट्रपति भवन की वेबसाइट पर एक सार्वजनिक फीडबैक फॉर्म उपलब्ध कराया गया है, जहां लोग अपने सुझाव भेज सकते हैं।

2026 में जनता को समर्पित होगा पार्क

शिलान्यास के बाद इस पार्क का निर्माण वर्ष 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद राष्ट्रपति इसे उत्तराखंड की जनता को समर्पित करेंगी। इससे पहले राष्ट्रपति के अतिरिक्त सचिव द्वारा राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति आशियाना कार्यालय में राज्य के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर इस परियोजना पर चर्चा की गई थी।

प्रकृति और मनोरंजन का संगम बनेगा पार्क

यह पार्क उत्तराखंड में पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का एक अनूठा उदाहरण बनेगा। इसमें वृक्षारोपण, ओपन थिएटर, योगा ज़ोन, बच्चों के खेलने के क्षेत्र और अन्य मनोरंजन सुविधाएं भी शामिल होंगी।

यह परियोजना न केवल देहरादून बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक होगी और आने वाले वर्षों में राज्य के पर्यटन व पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Jago Pahad Desk

"जागो पहाड" उत्तराखंड वासियों को समाचार के माध्यम से जागरूक करने के लिए चलाई गई एक पहल है।

http://www.jagopahad.com