पंतनगर विश्वविद्यालय में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत क्विज प्रतियोगिता का आयोजन

गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय की साइंस एंड ह्यूमैनिटीज सोसाइटी द्वारा भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), रुद्रपुर के सहयोग से सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ है।

कार्यक्रम का शुभारंभ विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डा. आर.सी. श्रीवास्तव द्वारा विद्यार्थियों को सत्यनिष्ठा एवं नैतिक आचरण की शपथ दिलाकर किया गया। इसके पश्चात बीएचईएल के प्रतिनिधि श्री विवेक कुमार, डीजीएम (विजिलेंस) ने विद्यार्थियों को सतर्कता जागरूकता, सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और नैतिक आचरण के महत्व के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में बीएचईएल के प्रतिनिधि श्री सोहन कुमार, इंजीनियर (विजिलेंस) भी उपस्थित रहे।प्रतियोगिता में लगभग 120 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

क्विज का उद्देश्य विद्यार्थियों में ईमानदारी, जवाबदेही, नैतिक मूल्यों और भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा सार्वजनिक जीवन एवं कार्यस्थल पर सत्यनिष्ठा के महत्व को समझाना था।कार्यक्रम का आयोजन डा. रविन्द्र राजपूत एवं डा. प्रियंका पान्डे के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन समिति में सोसाइटी की अध्यक्ष भव्या के साथ अभिषेक, गर्वित सिंह, विवेक मिश्रा, शुभ्रांश अवस्थी, साक्षी, श्रद्धा, रचित, अकबर, समृद्धी सहित अन्य विद्यार्थियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता के मूल्यों को अपने व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया। आयोजन का समापन सभी अतिथियों, संकाय सदस्यों एवं प्रतिभागियों के आभार व्यक्त करते हुए किया गया।

Jago Pahad Desk

"जागो पहाड" उत्तराखंड वासियों को समाचार के माध्यम से जागरूक करने के लिए चलाई गई एक पहल है।

http://www.jagopahad.com