हल्द्वानी में मंदिरों पर चोरों की नजर, ताले तोड़कर मूर्तियां और घंटियां चोरी

हल्द्वानी में इन दिनों धार्मिक स्थल चोरों के निशाने पर आ गए हैं। नवरात्र के पावन अवसर पर भी मंदिरों में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला मुखानी थाना क्षेत्र के अमृताश्रम मंदिर का है, जहां 19 मार्च की रात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

मंदिर के पुजारी हेमचंद्र पंत ने बताया कि वह रोज की तरह मंदिर बंद कर घर गए थे, लेकिन सुबह जब पूजा के लिए पहुंचे तो ताला टूटा मिला। चोर मां काली, मां दुर्गा और गणेश जी की पीतल की मूर्तियां तथा तांबे के छह लोटे चोरी कर ले गए। इसके अलावा मंदिर के श्रृंगार का सामान भी नहीं छोड़ा गया।

शहर में इससे पहले भी कई मंदिरों को निशाना बनाया जा चुका है। चोरगलिया क्षेत्र में 13 मार्च को मंदिर से नकदी, 20 पीतल की घंटियां और तांबे का कलश चोरी हुआ था। वहीं के गोल्यू मंदिर में 15 मार्च की रात दानपत्र से हजारों रुपये उड़ाए गए और पोस्टरों में आगजनी भी की गई।

दिसंबर 2025 में कालू सिद्ध मंदिर में भी चांदी का मुकुट, बर्तन और नकदी चोरी हो चुकी है। हालिया घटनाओं में चोरों ने सात पीतल की घंटियां, देवी का हार, माइक्रोफोन और एक बैग भी चुरा लिया।

पुलिस के अनुसार, मुखानी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। लगातार हो रही इन घटनाओं से श्रद्धालुओं में रोष और भय का माहौल बना हुआ है।

Jago Pahad Desk

"जागो पहाड" उत्तराखंड वासियों को समाचार के माध्यम से जागरूक करने के लिए चलाई गई एक पहल है।

http://www.jagopahad.com