पंतनगर विश्वविद्यालय में ‘एग्रीकॉन एआई-2026’ राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ

गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में विश्वविद्यालय पुस्तकालय, कॉलेज ऑफ एग्रीबिजनेस मैनेजमेंट (सीएबीएम), भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के कृषि शिक्षा प्रभाग तथा एसोसिएशन ऑफ एग्रीकल्चरल लाइब्रेरियन्स एंड डॉक्यूमेंटलिस्ट्स ऑफ इंडिया (एएलडीआई) के संयुक्त तत्वावधान में दो-दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन एवं कार्यशाला ‘एग्रीकॉन एआई-2026’ का शुभारंभ हुआ।

सम्मेलन का मुख्य विषय ‘नेक्स्ट जनरेशन लाइब्रेरीज : ड्राइविंग एआई इन एजुकेशन, रिसर्च एंड एक्सटेंशन’ रखा गया है। इसमें देश के लगभग 15 राज्यों से 150 से अधिक प्रतिभागी, शोधार्थी, शिक्षाविद् एवं पुस्तकालय विशेषज्ञ प्रतिभाग कर रहे हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आईसीएआर के उप महानिदेशक (कृषि शिक्षा) डा. यशपाल सिंह मलिक, विश्वविद्यालय के कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप, एएलडीआई के अध्यक्ष डा. बी.पी. सिंह एवं विश्वविद्यालय पुस्तकालय के प्रभारी अधिकारी डा. एस.सी. त्रिपाठी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर संविधान दिवस के उपलक्ष्य में उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों को संविधान की प्रस्तावना के प्रति निष्ठा की शपथ भी दिलाई गई। इसके उपरांत सम्मेलन की स्मारिका एवं शोध पत्रों के संकलन का विमोचन किया गया।

मुख्य अतिथि डा. यशपाल सिंह मलिक ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) कृषि शिक्षा, अनुसंधान एवं प्रसार के क्षेत्र में व्यापक बदलाव लाने की क्षमता रखती है। कृषि क्षेत्र में उपलब्ध दशकों के शोध एवं आंकड़ों का विश्लेषण एआई के माध्यम से कम समय में किया जा सकता है, जिससे नई तकनीकों एवं नीतियों के विकास में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय केवल पुस्तकों का संग्रह नहीं, बल्कि ज्ञान, रचनात्मकता एवं नवाचार का केंद्र हैं। वर्तमान समय में पुस्तकालयों को एआई जैसी आधुनिक तकनीकों से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने पंतनगर विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक उपलब्धियों एवं शैक्षणिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि आईसीएआर विश्वविद्यालय के साथ भविष्य में भी सहयोग के लिए तत्पर है। उन्होंने सम्मेलन से ऐसे व्यावहारिक सुझाव एवं कार्ययोजना तैयार करने का आह्वान किया, जिन्हें कृषि शिक्षा व्यवस्था में लागू किया जा सके।

कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय देश का प्रथम कृषि विश्वविद्यालय होने के साथ ही कृषि शिक्षा, अनुसंधान एवं प्रसार के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान रखता है। विश्वविद्यालय की स्थापना से ही पुस्तकालय ज्ञान एवं बौद्धिक विकास का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में एआई की उपयोगिता को समझना और उसका जिम्मेदारीपूर्ण ढंग से उपयोग करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से विश्वविद्यालय में सभी शिक्षकों के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर सात दिवसीय प्रारंभिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 95 प्रतिशत शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं।

अब उन्नत प्रशिक्षण की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सम्मेलन कृषि पुस्तकालयों एवं सूचना सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण सुझाव प्रदान करेगा।इस अवसर पर पशु चिकित्सा एवं पशु पालन विज्ञान महाविद्यालय के पशु चिकित्सा क्लिनिकल कॉम्पलेक्स विभाग के सहायक प्राध्यापक डा. अमन कम्बोज एवं पशु शरीर क्रिया विज्ञान एवं जैव रसायन विभाग की सहायक प्राध्यापक डा. रूओकुओबेनुओ हुओझा के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा विकसित एआई आधारित मोबाइल एप्लीकेशन ‘लाइव-हाई’ (Livestock Heat Intelligence) का प्रदर्शन भी किया गया। पशु चिकित्सा एवं पशुपालन विज्ञान महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा तैयार यह एप्लीकेशन तापमान एवं आर्द्रता सूचकांक (टीएचआई) तथा पशुओं के शारीरिक मापदंडों के आधार पर उनमें गर्मी एवं ठंड से होने वाले तनाव की पहचान करने में सहायक है। एप्लीकेशन के माध्यम से पशुपालकों एवं पशु चिकित्सकों को पशुओं के स्वास्थ्य की निगरानी और समय रहते आवश्यक उपाय करने में सहायता मिल सकेगी। विद्यार्थियों ने बताया कि इसके लिए कॉपीराइट आवेदन भी किया गया है। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों के इस नवाचार की सराहना की।

विश्वविद्यालय पुस्तकालय के प्रभारी अधिकारी डा. एस.सी. त्रिपाठी ने स्वागत संबोधन में कहा कि पुस्तकालय अब केवल पुस्तकों के संग्रह एवं वितरण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि शिक्षा, अनुसंधान एवं ज्ञान के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण आधार बन चुके हैं। एआई के माध्यम से सूचना खोज, शोध सामग्री के विश्लेषण एवं ज्ञान के प्रभावी प्रसार को अधिक सरल बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि विष्वविद्यालय पुस्तकालय में लगभग 4.30 लाख पुस्तकें, पत्रिकाएं एवं ई-संसाधन तथा 25,700 से अधिक शोध प्रबंध एवं शोध पत्र उपलब्ध हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से विश्वविद्यालय पुस्तकालय एवं संग्रहालय का भ्रमण करने का भी आग्रह किया।

आयोजन सचिव डा. के.पी. सक्सेना ने बताया कि सम्मेलन के लिए 85 सारांश प्राप्त हुए, जिनमें से 59 पूर्ण शोध पत्र सम्मेलन की कार्यवाही में प्रकाशित किए गए हैं। देश के विभिन्न संस्थानों से लगभग 150 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। सम्मेलन में एआई एवं पुस्तकालय विज्ञान के क्षेत्र के लगभग 20 विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे। दो दिनों तक आयोजित होने वाले सम्मेलन में तकनीकी सत्रों, कार्यशालाओं, शोध पत्र प्रस्तुतियों एवं परिचर्चाओं के माध्यम से कृषि पुस्तकालयों में एआई के उपयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा. दीपा विनय, अधिष्ठाता प्रौद्योगिकी डा. आर.पी. एस. गंगवार, अधिश्ठाता मत्स्य विज्ञान, डा. अवधेश कुमार, संस्थापनाधिकारी डा. श्रीराम, निदेशक, यूसीबी के निदेशक डा. संजय शर्मा, आयोजन समिति के सदस्य, देश के विभिन्न कृषि विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों से आए प्रतिनिधि, वैज्ञानिक, शिक्षक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में आयोजन सचिव ने सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थानों, प्रायोजकों, आयोजन समिति, विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।

Jago Pahad Desk

"जागो पहाड" उत्तराखंड वासियों को समाचार के माध्यम से जागरूक करने के लिए चलाई गई एक पहल है।

http://www.jagopahad.com