विश्वविद्यालय में केन्द्रीय भैंस अनुसंधान संस्थान हिसार, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली, द्वारा वित्त पोषित भैंस सुधार पर नेटवर्क परियोजना के अन्तर्गत ग्राम गोठा, सितारगंज में 25 नवम्बर 2026 को अनूसूचित जाति के कृषकों हेतु कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्घाटन श्री सुमन राव, ग्राम प्रधान एवं डा. ए.के. घोष, परियोजना अधिकारी द्वारा किया गया। कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन परियोजना अधिकारी डा. ए.के. घोष, प्राध्यापक, पशु आनुवांशिक एवं प्रजनन विभाग द्वारा किया गया। परियोजना के उद्देश्य एवं इससे पशु पालकों को मिलने वाले लाभों पर प्रकाश डाला गया। डा. ए.के. घोष द्वारा परियोजना टीम सदस्यों का उत्साहवर्धन के साथ-साथ भैंस की देख-रेख एवं आवास व्यवस्था, पोषण एवं प्रबंधन के मुख्य बिन्दुओं पर प्रकाश डाला गया।
डा. सुनील कुमार, सहा. प्राध्यापक, पशु प्रसूति विभाग द्वारा गाभिन पशुओं की प्रसवोपूर्व एवं प्रसवोपरान्त देख-भाल एवं पशुओं के संक्रमण की रोक-थाम एवं संक्रमित पशुओं के उपचार हेतु औषधि एवं देख-रेख की जानकारी दी गई। कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम में पशुपालको का पंजीकरण एवं सामग्री वितरण श्री विशाल वर्मा एवं कृत्रिम गर्भाधान कर्ता श्री राम किशोर द्वारा किया गया। शिविर में कुल 50 पशुपालकों द्वारा प्रतिभाग किया गया।

