कैप्टन कृष्ण कुमार सिंह को मिलेगा प्रतिष्ठित राष्ट्रीय ‘डीजी एनसीसी प्रशस्ति पत्र’ सम्मान

देहरादून। एस.जी.आर.आर. पब्लिक स्कूल, बिंदाल में कार्यरत एवं 29 यूके बटालियन एनसीसी, देहरादून के एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर (एएनओ) कैप्टन कृष्ण कुमार सिंह ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन एनसीसी के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान ‘डीजी एनसीसी प्रशस्ति पत्र’ (DG NCC Commendation Card) के लिए किया गया है। यह सम्मान उनके उत्कृष्ट योगदान, समर्पण और एनसीसी के माध्यम से युवाओं को अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने के प्रयासों को देखते हुए प्रदान किया जाएगा।

इस राष्ट्रीय सम्मान के तहत कैप्टन कृष्ण कुमार सिंह को प्रशस्ति पत्र, विशेष बैज और 2,500 रुपये की नकद राशि प्रदान की जाएगी। उत्तराखंड एनसीसी निदेशालय की ओर से उन्हें यह सम्मान गणतंत्र दिवस शिविर (आरडीसी) 2027 के दौरान प्रदान किया जाएगा।

अपनी इस उपलब्धि पर कैप्टन कृष्ण कुमार सिंह ने परम पूज्य गुरुदेव श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए उनके आशीर्वाद और मार्गदर्शन को अपनी सफलता का प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने 29 यूके बटालियन एनसीसी के वरिष्ठ अधिकारियों, उत्तराखंड एनसीसी निदेशालय, विद्यालय प्रबंधन, सहकर्मियों और एनसीसी कैडेटों का भी निरंतर सहयोग एवं प्रोत्साहन के लिए धन्यवाद किया।

कैप्टन सिंह ने कहा कि वह भविष्य में भी एनसीसी के मूल मंत्र ‘एकता और अनुशासन’ को आत्मसात करते हुए युवाओं के मार्गदर्शन, राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और एनसीसी से जुड़े लोगों में हर्ष का माहौल है।

Jago Pahad Desk

"जागो पहाड" उत्तराखंड वासियों को समाचार के माध्यम से जागरूक करने के लिए चलाई गई एक पहल है।

http://www.jagopahad.com